विस्थापन की मांग पर ग्रामीणों ने रोका सुदामडीह रेलवे साइडिंग की ट्रांसपोर्टिंग

विस्थापन की मांग पर ग्रामीणों ने रोका सुदामडीह रेलवे साइडिंग की ट्रांसपोर्टिंग

डीजे न्यूज, धनबाद:  सुदामडीह थाना क्षेत्र स्थित थाना बस्ती के ग्रामीणों ने विस्थापन समेत विभिन्न मांगों को लेकर सुदामडीह नंबर-5 रेलवे साइडिंग की ट्रांसपोर्टिंग ठप कर विरोध-प्रदर्शन किया। बीसीकेयू के जॉइंट सेक्रेटरी गौतम कुमार रवानी के नेतृत्व में महिला-पुरुष ग्रामीण साइडिंग पहुंचे और आंदोलन शुरू कर दिया। आंदोलन के कारण कुछ समय के लिए साइडिंग में परिवहन कार्य प्रभावित रहा।

ग्रामीणों का कहना है कि थाना बस्ती के विस्थापित परिवारों को छह महीने के भीतर विस्थापित करने का आश्वासन प्रबंधन की ओर से दिया गया था। लेकिन करीब दो वर्ष बीत जाने के बाद भी विस्थापन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है।

ग्रामीणों ने प्रबंधन से जल्द विस्थापन की प्रक्रिया शुरू करने और प्रभावित परिवारों को उचित तरीके से पुनर्वासित करने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से आश्वासन मिलने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

ग्रामीणों ने एक अन्य समस्या को लेकर बताया कि पाथरडीह से बिरसा पुल जाने वाले मुख्य रास्ते को बंद किए जाने से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। आवागमन के लिए ग्रामीणों को गांव के संकरे रास्ते का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। इसी रास्ते से मोटरसाइकिल और अन्य छोटे वाहन भी गुजर रहे हैं।

ग्रामीणों ने मांग की कि आवागमन के लिए मुख्य रास्ते का उचित विकल्प उपलब्ध कराया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को परेशानी न हो।

आंदोलन की सूचना मिलने पर ईजे एरिया भौंरा के एजीएम एलएल वर्णवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मांगों पर प्रबंधन की ओर से जल्द पहल करने का आश्वासन दिया।

प्रबंधन के सकारात्मक रुख और आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। इसके बाद सुदामडीह नंबर-5 रेलवे साइडिंग में ट्रांसपोर्टिंग का काम दोबारा शुरू हो गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top