विश्व आदिवासी दिवस पर बच्चों ने बिखेरी लोक संस्कृति की छटा
डीजे न्यूज,गिरिडीह : विश्व आदिवासी दिवस के पूर्व शनिवार को धरियाडीह स्थित ओपन माइंड वर्ल्ड स्कूल में सदन सह नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता जूनियर एवं सीनियर ग्रुप में चार सदनों के बीच आयोजित हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने नागपुरी, संथाली सहित विभिन्न लोकगीतों की धुन पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर आदिवासी संस्कृति एवं लोक परंपराओं की मनमोहक झलक पेश की। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।
मौके पर विद्यालय की प्राचार्य चंद्रमल्लिका घोष चौधुरी ने कहा कि आदिवासी समुदायों के अधिकारों की रक्षा, उनकी अनूठी संस्कृति के संरक्षण तथा पर्यावरण की सुरक्षा में उनके योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं में भाग लेने से बच्चों की कला एवं कौशल में निखार आता है और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
प्रतियोगिता के जूनियर ग्रुप में गार्नेट हाउस ने प्रथम, टोपाज हाउस ने द्वितीय तथा एमेराल्ड हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर ग्रुप में टोपाज हाउस प्रथम, एमेराल्ड हाउस द्वितीय तथा सफायर हाउस तृतीय स्थान पर रहा।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका प्राचार्य चंद्रमल्लिका घोष चौधुरी, मोहम्मद शहरयार एवं बरनाली पाल ने निभाई। निर्णायकों ने बच्चों की प्रस्तुतियों, नृत्य कौशल, तालमेल एवं कलात्मकता का बारीकी से मूल्यांकन कर परिणाम घोषित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्मृति सिन्हा, धीरज जायसवाल, ईरम, उमा आनंद, अंजलि कुमारी, संदीप शोला सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकों एवं कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।