विद्यार्थियों ने किया भेलाटांड़ वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का शैक्षणिक भ्रमण
रॉ वाटर के संचयन से लेकर वितरण तक की प्रक्रिया से हुए रूबरू
डीजे न्यूज, धनबाद: जल संरक्षण, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता एवं जलापूर्ति की सम्पूर्ण प्रक्रिया के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता और समझ बढ़ाने के उद्देश्य से 07 अक्टूबर से 09 अक्टूबर तक तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भेलाटांड़ स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का दौरा किया।
इस संबंध में उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने बताया कि भ्रमण के अंतिम दिन शुक्रवार को झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, धनबाद एवं उत्क्रमित उच्च विद्यालय, लोयाडीह के छात्र-छात्राओं ने संयंत्र का अवलोकन किया। इस दौरान विशेषज्ञ दल द्वारा विद्यार्थियों को कच्चे जल के संचयन, कोएग्युलेशन, सेडिमेंटेशन, फिल्ट्रेशन, क्लोरीनेशन, गुणवत्ता परीक्षण तथा सुरक्षित पेयजल के रूप में उपभोक्ताओं तक वितरण की सम्पूर्ण तकनीकी प्रक्रियाओं को चरणबद्ध रूप से समझाया गया। संयंत्र के तकनीकी अधिकारियों ने विद्यार्थियों को पेयजल मानकों को बनाए रखने, जल स्रोतों की सुरक्षा और दैनिक जीवन में जल के विवेकपूर्ण उपयोग के महत्व पर विशेष मार्गदर्शन दिया।
उन्होंने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों के सैद्धांतिक ज्ञान से आगे ले जाकर व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना तथा उन्हें जल संरक्षण के प्रति संवेदनशील व जिम्मेदार नागरिक बनाना है।
इस शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों में जल संसाधनों के संरक्षण, स्वच्छ पेयजल की महत्ता एवं सतत जल प्रबंधन के प्रति व्यावहारिक दृष्टिकोण विकसित हुआ है। ये छात्र अपने विद्यालय, परिवार और समाज में जल संरक्षण के सक्रिय दूत बनकर जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।