मतदाता सूची में नाम जोड़ने-सुधारने का मौका, गिरिडीह के सभी बूथों पर आज मेगा कैंप

मतदाता सूची में नाम जोड़ने-सुधारने का मौका, गिरिडीह के सभी बूथों पर आज मेगा कैंप

डीजे न्यूज, गिरिडीह : मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, गलतियों में सुधार और अन्य निर्वाचन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए शनिवार, 10 अक्टूबर को गिरिडीह जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क कैंप लगाया जाएगा। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) के तहत आयोजित यह कैंप सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशन में आयोजित कैंप में नागरिकों को मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी देने के साथ आवश्यक आवेदन करने में सहयोग किया जाएगा। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम-पता सहित अन्य विवरणों में सुधार और नियमानुसार नाम विलोपन से संबंधित मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

**दावों-आपत्तियों के निपटारे पर जोर**

कैंप के दौरान BLO-BLA-2 की चौथी बैठक और निर्वाचन पाठशाला की चौथी बैठक भी होगी। इसमें पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, प्राप्त दावों एवं आपत्तियों, आवश्यक दस्तावेजों और क्षेत्रीय स्तर पर आ रही समस्याओं की समीक्षा कर उनके नियमानुसार समाधान पर चर्चा की जाएगी।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने मतदाता सूची में पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ कार्य करने पर जोर दिया।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची की जांच करें और जरूरत के अनुसार निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन, दावा या आपत्ति प्रस्तुत करें। प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और सूची में अपात्र नाम शामिल न हों।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top