विद्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगाभ्यास, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
डीजे न्यूज, तिसरा,धनबाद : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को आदर्श श्रमिक उच्च विद्यालय, गोलकडीह में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य उमेश कुमार रवानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नियमित व्यायाम और योग करने से शरीर स्वस्थ एवं निरोग रहता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है, जिससे पढ़ाई में एकाग्रता बढ़ती है और याददाश्त भी बेहतर होती है।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। सभी ने “योग करो, निरोग रहो” का संदेश देते हुए दैनिक जीवन में योग को अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक गणेश चटर्जी, केशव कुमार तिवारी, अरविंद पांडेय, एम.एन. खान, सुलेखा कुमारी, पंकज कुमार रवानी, बंदना कुमारी, इंदु सिंह, अमर निषाद, नेहा, पप्पू राखी, अमित कुमार सिंह, सुनील कुमार रवानी तथा शारीरिक शिक्षक अर्जुन रवानी की सक्रिय भूमिका रही। शारीरिक शिक्षक अर्जुन रवानी ने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया।