गिरिडीह में श्याम भक्ति का रंग, 47वें वार्षिक महोत्सव पर निकली भव्य निशान यात्रा

गिरिडीह में श्याम भक्ति का रंग, 47वें वार्षिक महोत्सव पर निकली भव्य निशान यात्रा

डीजे न्यूज, गिरिडीह : मंगलवार को श्याम भक्ति का ऐसा रंग देखने को मिला, जहां बच्चे, युवा और महिलाएं सभी भजनों की धुन पर झूमते नजर आए। मौका था गिरिडीह श्याम सेवा मंडल के तत्वावधान में आयोजित श्याम प्रभु के 47वें वार्षिक महोत्सव के शुभारंभ का। दो दिवसीय महोत्सव की शुरुआत मंगलवार को भव्य निशान यात्रा के साथ हुई।

कुटिया मंदिर गली से निकली निशान यात्रा में सैकड़ों श्याम भक्त हाथों में निशान थामे जय श्री श्याम के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। यात्रा में सजे वाहन पर श्याम प्रभु के साथ भगवान शिव और संकट मोचन हनुमान का भव्य दरबार आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं स्थानीय भजन गायकों की टीम ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।

“देना हो तो दीजिए जन्म-जन्म का साथ, मेरे सर पर रख दो बाबा तुम अपना सिर्फ हाथ” जैसे भजनों पर भक्त झूमते और जयकारे लगाते नजर आए। श्याम भक्तों की युवा टोली कंधे पर बाबा की पालकी लेकर यात्रा में शामिल हुई। रास्ते में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पालकी की आरती उतारी और आस्था के साथ पालकी के नीचे से गुजरते नजर आए।

श्याम सेवा मंडल के सदस्य संजय भदौलिया ने बताया कि वार्षिक महोत्सव की शुरुआत निशान यात्रा के साथ हुई है। मंगलवार देर शाम अखंड ज्योत प्रज्वलित की जाएगी, जबकि बुधवार को स्वामणी का भोग लगाया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने में सतीश केडिया, राकेश मोदी, डब्लू अग्रवाल, राजेश जालान और अतुल शर्मा, विकास बागड़िया, संजय भुदौलिया, श्याम कुमार, समेत अन्य सदस्यों की भूमिका रही।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top