उप विकास आयुक्त ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
डीजे न्यूज, गिरिडीह : नगर निकाय चुनाव के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने सोमवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, गिरिडीह, जिला नजारत उप समाहर्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गिरिडीह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने मतदान प्रक्रिया से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाताओं को सुगम, सुरक्षित एवं पारदर्शी वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने मतदान कक्षों की व्यवस्था, मतदाता सूची की उपलब्धता, मतपत्रों की कार्यशीलता, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल, शौचालय एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप जैसी मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही मतदान कर्मियों से बातचीत कर उनकी तैयारियों की जानकारी प्राप्त की और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने का निर्देश दिया।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया लोकतंत्र का महापर्व है, जिसमें प्रशासन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने बताया कि सभी नोडल पदाधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं तथा किसी भी समस्या के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
निरीक्षण के उपरांत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए, ताकि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह निर्विघ्न एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।