टुंडी में कलयुगी बेटे ने कुल्हाड़ी से काटकर पिता को उतारा मौत के घाट, गिरफ्तार
डीजे न्यूज, टुंडी, धनबाद : टुंडी थाना क्षेत्र के कमारडीह पंचायत अंतर्गत बादलपुर गांव से मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां 40 वर्षीय कालीपद सोरेन नामक बेटे ने अपने 65 वर्षीय पिता चांद सोरेन को कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया।
घटना सुबह करीब 6 बजे की है। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही टुंडी थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर उमाशंकर दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी बेटे कालीपद सोरेन को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जमीन-जायदाद और शराब बनी वजह
जानकारी के अनुसार पिता और बेटे के बीच आए दिन लड़ाई-झगड़ा होता रहता था। दोनों एक साथ बैठकर शराब भी पीते थे। इसी विवाद के कारण मंगलवार को आपसी लड़ाई इतनी बढ़ गई कि कलयुगी बेटे ने कुल्हाड़ी से पिता के टुकड़े-टुकड़े कर दिए।
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।