राजभवन मार्च को ऐतिहासिक बनाने की बनी रणनीति
डीजे न्यूज, धनबाद: कांग्रेस ओबीसी विभाग की बैठक सोमवार को हाउसिंग कॉलोनी स्थित पार्टी मुख्यालय में हुई। केंद्र सरकार द्वारा कराई जा रही जातीय जनगणना के प्रपत्र में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए अलग कॉलम शामिल करने की मांग को लेकर 16 सितंबर को रांची में प्रस्तावित राजभवन मार्च एवं “OBC हुंकार” कार्यक्रम को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने की रणनीति बनाई गई।
बैठक की अध्यक्षता ओबीसी विभाग के जिला अध्यक्ष आसिफ राजा ने की। मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से राजभवन तक प्रस्तावित मार्च एवं रैली में धनबाद जिले से अधिक से अधिक कांग्रेसजनों, OBC समाज के प्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी OBC विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई । पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपने, विभिन्न क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम को व्यापक एवं प्रभावशाली बनाने को लेकर भी विचार रखे गए।
बैठक को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी कोऑर्डिनेशन कमेटी के सदस्य मदन महतो ने कहा कि जातीय जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह समाज के विभिन्न वर्गों की वास्तविक सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक स्थिति को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि OBC समाज की वास्तविक जनसंख्या और उसकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति से संबंधित प्रमाणिक आंकड़े सामने आने आवश्यक हैं, ताकि नीतियां और योजनाएं वास्तविक जरूरतों के आधार पर तैयार की जा सकें।
बैठक में प्रदेश सचिव राशिद राजा अंसारी ने कांग्रेसजनों से आह्वान किया कि 16 सितंबर को बड़ी संख्या में रांची पहुंचकर राजभवन मार्च एवं OBC हुंकार कार्यक्रम को सफल बनाएं और जातीय जनगणना के प्रपत्र में OBC के लिए अलग कॉलम की मांग को मजबूती से उठाएं। उन्होंने कहा कि यह मांग OBC समाज के अधिकार, प्रतिनिधित्व और सामाजिक न्याय से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
धनबाद धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष दिनेश यादव, गणपत महतो ने कहा कि OBC समाज की सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं राजनीतिक स्थिति का सही आकलन किए बिना समावेशी विकास की प्रभावी नीति तैयार करना कठिन है। धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष जहीर अंसारी ने कहा कि जातीय जनगणना में OBC का अलग कॉलम होने से समाज की वास्तविक स्थिति का स्पष्ट एवं प्रमाणिक आंकड़ा सामने आएगा, जिससे भविष्य में कल्याणकारी योजनाओं और प्रतिनिधित्व से संबंधित नीतियों को अधिक प्रभावी तरीके से तैयार करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि OBC समाज की सामाजिक एवं राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में जातीय जनगणना में OBC का अलग कॉलम एक महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने कांग्रेसजनों से अपील की कि वे व्यक्तिगत एवं संगठनात्मक स्तर पर पूरी सक्रियता के साथ कार्यक्रम की तैयारी में जुटें और 16 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में रांची पहुंचकर राजभवन मार्च को सफल बनाएं।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि OBC समाज लंबे समय से अपनी जनसंख्या के अनुरूप अधिकार, सम्मान, भागीदारी और प्रतिनिधित्व की मांग करता रहा है। ऐसे में जातीय जनगणना के आंकड़े सामाजिक न्याय की नीतियों को मजबूत आधार प्रदान कर सकते हैं। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि लोकतांत्रिक तरीके से उठाई जा रही इस मांग को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज के विभिन्न वर्गों को इससे जोड़ने की आवश्यकता है।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने “OBC हुंकार” कार्यक्रम को सफल बनाने, अधिक से अधिक लोगों को रांची पहुंचाने और राजभवन मार्च को प्रभावशाली बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में मदन महतो, राशिद राजा अंसारी, मनोज यादव, जहीर अंसारी, शंकर प्रजापति, गणपत महतो, दिनेश यादव, इरफान खान, चौधरी गोपाल कृष्ण चौधरी, प्रीतम रवानी, अरविंद कुमार सैनी, रमेश राय, लाली महतो, सिकंदर-ए-आज़म, सच्चिदानंद यादव सहित सैकड़ो कांग्रेस जन उपस्थित थे।