ट्रेन ठहराव और रैक पॉइंट के बावजूद न्यू गिरिडीह स्टेशन सुविधाओं से वंचित : निर्मल झुंझुनवाला
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष निर्मल झुंझुनवाला ने कहा है की : ईस्टर्न रेलवे के अधीन न्यू गिरिडीह रेलवे स्टेशन (NGRD) पर मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर यात्रियों एवं स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। शिकायत के अनुसार स्टेशन पर वर्तमान में तीन महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव है और यहां रैक पॉइंट भी बनाया गया है, लेकिन इसके बावजूद यात्रियों के लिए पेयजल एवं शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।
स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों के साथ-साथ माल परिवहन के लिए इस्तेमाल होने वाले दोनों पहुंच पथ की स्थिति भी खराब बताई जा रही है। दोनों मार्ग कच्चे होने के कारण ट्रकों की आवाजाही के दौरान भारी मात्रा में धूल उड़ती है। इससे आसपास रहने वाली बड़ी आबादी को प्रदूषण की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय स्तर से रेलवे की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा गया है कि जिस स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव हो और रैक पॉइंट के माध्यम से माल का परिवहन किया जाता हो, वहां यात्रियों एवं आम लोगों के लिए बुनियादी सुविधाओं का अभाव गंभीर विषय है।
इस संबंध में रेलवे बोर्ड एवं रेल मंत्रालय से स्टेशन पर तत्काल पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है। साथ ही स्टेशन से मुख्य मार्ग तक जाने वाले दोनों पहुंच पथ को अविलंब पक्का एवं सुदृढ़ करने की मांग की गई है, ताकि यात्रियों और स्थानीय लोगों को राहत मिल सके तथा धूल से होने वाले प्रदूषण पर भी नियंत्रण पाया जा सके।