तिसरी में छात्रों ने नशामुक्ति के खिलाफ निकाली जागरूकता रैली

Advertisements

तिसरी में छात्रों ने नशामुक्ति के खिलाफ निकाली जागरूकता रैली

डीजे न्यूज, तिसरी, गिरिडीह : नशा मुक्ति अभियान के तहत सोमवार को तिसरी स्थित प्लस-2 अग्रवाला उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। रैली में विद्यालय के प्रधानाध्यापक घनश्याम गोस्वामी, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्य भी शामिल हुए।

जागरूकता रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर मुख्य मार्ग, तिसरी बाजार, तालाब रोड, पुल होते हुए गम्हरियाटांड़ तक पहुंची। इसके बाद तिसरी थाना मार्ग से होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में आकर समाप्त हुई। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में नशा मुक्ति से संबंधित स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया।

रैली में शामिल विद्यार्थियों ने “घर-परिवार बचाना है, नशा मुक्ति अपनाना है”, “चलो सबमें जागरूकता फैलाएं, नशा मुक्ति अभियान चलाएं” तथा “नशा छोड़ो और जीवन से नाता जोड़ो” जैसे गगनभेदी नारों के साथ पूरे क्षेत्र में संदेश पहुंचाया।

इस अवसर पर प्रधानाध्यापक घनश्याम गोस्वामी ने कहा कि धूम्रपान और नशा समाज के लिए अभिशाप हैं। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज तीनों को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन अपनाने की अपील की।

रैली में शिक्षिका निधि कुमारी, पापिया सेन तथा शिक्षक जितेंद्र सिंह, संजय कुमार, सुमित कुमार पांडेय, चुनमुन प्रसाद यादव, पंकज कुमार राय, चंद्रिका प्रसाद यादव, राजीव रंजन पांडेय, शंकर दास सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top