युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बन चुका है नशा : कल्पना सोरेन
केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है : उपायुक्त रामनिवास यादव
नशे के खिलाफ गांव-गांव पहुंचेगा प्रशासन का संदेश, गिरिडीह में जागरूकता रथ रवाना
डीजे न्यूज, गिरिडीह : निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान के तहत सोमवार को गांडेय प्रखंड से तीन जागरूकता प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन, उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार एवं उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने संयुक्त रूप से इन वाहनों को रवाना किया।
15 जून से 26 जून तक संचालित होने वाले इस अभियान के तहत प्रचार वाहन जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और गांवों का भ्रमण कर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देंगे।
इस अवसर पर विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि नशा समाज और विशेष रूप से युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए प्रशासनिक कार्रवाई के साथ-साथ जन-जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता भी जरूरी है। युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की मांग है।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। नशे की लत युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और संभावनाओं को खत्म कर देती है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे नशामुक्त झारखंड और नशामुक्त गिरिडीह के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक, शपथ ग्रहण कार्यक्रम, विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर क्विज, निबंध और चित्रांकन प्रतियोगिताएं, बाजार एवं हाटों में जनजागरूकता कार्यक्रम सहित कई रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण में लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नशा संबंधी किसी भी समस्या या परामर्श के लिए राष्ट्रीय टोल-फ्री ड्रग डी-एडिक्शन हेल्पलाइन 14446 का उपयोग किया जा सकता है।