महिलाओं के अधिकार और सुरक्षा को लेकर आयोग से मिले राजकुमार राज

Advertisements

महिलाओं के अधिकार और सुरक्षा को लेकर आयोग से मिले राजकुमार राज

डीजे न्यूज, रांची : राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज ने सोमवार को नई दिल्ली में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर से मुलाकात कर झारखंड में महिलाओं की सुरक्षा, उत्पीड़न और हिंसा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए आयोग से प्रभावी हस्तक्षेप की मांग की।

मुलाकात के दौरान राजकुमार राज ने कहा कि झारखंड के विभिन्न जिलों से महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, यौन अपराध और अन्य अत्याचारों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे मामलों में पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग की सक्रिय भूमिका जरूरी है।

उन्होंने आयोग से आग्रह किया कि झारखंड में महिला हिंसा के गंभीर मामलों पर स्वतः संज्ञान लिया जाए तथा आवश्यकतानुसार राज्य प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की रक्षा समाज और शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल होनी चाहिए।

बैठक में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक भागीदारी बढ़ाने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। राजकुमार राज ने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित माहौल और समान अवसर उपलब्ध कराना समय की जरूरत है, जिससे वे समाज और देश के विकास में और अधिक प्रभावी योगदान दे सकें।

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने भी महिला अधिकारों और सुरक्षा के प्रति आयोग की प्रतिबद्धता दोहराते हुए महिलाओं के हितों की रक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। यह मुलाकात झारखंड में महिला सुरक्षा के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top