तिसरा में चोरी के संदेह में नाबालिग पकड़ा गया, चेतावनी देकर छोड़ा
डीजे न्यूज, तिसरा, धनबाद : भौरा ओपी क्षेत्र के हॉस्पिटल मोड़ के समीप स्थानीय लोगों ने शक के आधार पर एक नाबालिग को पकड़ा। उसके पास से एक बोरी में पीतल की थाली, लोटा, प्रेशर कुकर, ग्लास आदि बरामद किए गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बनियाहीर क्षेत्र के कई महिला और बच्चे सुबह में बोरी लेकर क्षेत्र के कई मुहल्लों में कचरा चुनने की आड़ में लोहा एवं तांबा-पीतल की चोरी करते हैं। इससे कई घरों में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं।
कड़ाई से पूछताछ के बाद नाबालिग ने बताया कि गांधी नगर के सूरज कुमार के घर में ताला बंद था और वह दीवार के रास्ते घर के अंदर प्रवेश कर सामान चोरी कर लाया था। इसके बाद स्थानीय लोग नाबालिग को सूरज कुमार के घर ले गए और बरामद सामान दिखाया। गृह स्वामी ने सारा सामान अपना बताया।
लोगों ने सामान वापस कर नाबालिग को डांट-फटकार लगाई और हिदायत दी कि दोबारा इस क्षेत्र में नजर आया तो पुलिस को सौंप दिया जाएगा। उक्त नाबालिग को पकड़ने पर स्थानीय लोगों ने हरेंद्र यादव को धन्यवाद दिया।