स्वच्छता केवल अभियान नहीं, हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी : अजीत दुबे
डीजे न्यूज, केंदुआ (धनबाद) : बीसीसीएल कुसुंडा एरिया के सौजन्य से शनिवार को डीएवी कुसुंडा में स्वच्छता पखवाड़ा के तहत स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर आसपास के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने “स्वच्छ भारत–स्वस्थ भारत”, “स्वच्छता अपनाएँ, बीमारियाँ भगाएँ”, “स्वच्छ वातावरण, स्वस्थ जीवन” तथा “कचरा डस्टबिन में डालें” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया।
विद्यार्थियों ने नागरिकों से अपने घर, विद्यालय तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्राचार्य अजीत कुमार दूबे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा समाज में इसके प्रति जनजागरण फैलाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देना था।
रैली में विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं भी शामिल रहीं।