आप भी एक दिन बुजुर्ग होंगे, सेवा कीजिए… आश्रम मत भेजिए

आप भी एक दिन बुजुर्ग होंगे, सेवा कीजिए… आश्रम मत भेजिए

यूनिवर्सल ब्रदरहुड डे पर दिया भावुक संदेश

डीजे न्यूज, धनबाद : यूनिवर्सल ब्रदरहुड डे के अवसर पर मेसोनिक लॉज धनबाद-95 के सदस्यों ने सबलपुर स्थित वृद्धजन आश्रम (ओल्ड एज होम) पहुंचकर वहां रह रहे सभी आश्रित वृद्धजनों के बीच राशन सामग्री एवं रोजमर्रा में उपयोग होने वाली आवश्यक वस्तुएं उपहार स्वरूप भेंट कीं। इस दौरान फ्रीमेसंस हॉल के सभी सदस्यों ने वृद्धजनों का हालचाल जाना और उनके साथ समय बिताया। आश्रम में रह रहे सभी बुजुर्गों ने सदस्यों के सिर पर हाथ रखकर उन्हें निस्वार्थ भाव से आशीर्वाद दिया।

मेसोनिक लॉज धनबाद-95 के सदस्यों ने कहा कि यूनिवर्सल ब्रदरहुड डे के अवसर पर प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी आश्रम के आश्रितों को राशन एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं उपहार स्वरूप प्रदान की गई हैं।

युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा, “आप भी एक दिन बुजुर्ग होंगे, इसलिए बुजुर्गों की सेवा और सम्मान कीजिए, उन्हें आश्रम मत भेजिए। आप अपने माता-पिता के लिए जो करेंगे, वही सीख आपके बच्चे भी ग्रहण करेंगे। इसलिए जीवन में अच्छे कार्य करें और बुजुर्गों की सेवा व सम्मान करें।”

आश्रम के अध्यक्ष नौशाद गद्दी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, “बुजुर्गों की सेवा के प्रति नौशाद गद्दी जैसा निरंतर समर्पित व्यक्ति मैंने आज तक नहीं देखा है। वह सभी वृद्धजनों की सेवा में पूरी निष्ठा और लगन से जुटे रहते हैं। वे धन्यवाद के पात्र हैं। हम लोग भी उनके संपर्क में रहते हैं और आश्रम के आश्रितों को जो भी आवश्यकता होती है, उसे उपलब्ध कराने का प्रयास करते हैं।”

मेसोनिक लॉज के सदस्यों ने कहा कि सभी सदस्य भविष्य में भी वृद्धजनों की यथासंभव मदद करते रहने के लिए संकल्पित हैं। साथ ही धनबादवासियों एवं सरकार से अपील की कि जीवन के अंतिम पड़ाव में पहुंचे इन असहाय वृद्धजनों की सेवा, सम्मान और देखभाल के लिए आगे आएं।

यूनिवर्सल ब्रदरहुड डे पर वृद्धजनों की सेवा में डॉ. अबीर कुमार चक्रवर्ती, मोहम्मद जलील अंसारी, डॉ. मेजर चंदन, रितेश कुमार साहू, डॉ. मुक्ति किशोर एवं दीपक कुमार सिंह ने भी भाग लेकर बुजुर्गों का सम्मान किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top