30 जून से शुरू होगा मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान , खोरीमहुआ व बगोदर-सरिया में बैठक और प्रशिक्षण
डीजे न्यूज, गिरिडीह : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-2026) के तहत 30 जून से शुरू होने वाले गणना चरण की तैयारियां जिले में पूरी कर ली गई हैं। अभियान को सफल बनाने के लिए शनिवार को खोरीमहुआ अनुमंडल कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई, जबकि बगोदर-सरिया विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रवार प्रतिनियुक्त स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण दिया गया।
खोरीमहुआ अनुमंडल कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता 28-धनवार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी समीर रेनियर खलखो ने की। बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं बी.एल.ए.-1 ने भाग लिया।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा तय विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की रूपरेखा, उद्देश्य और दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। साथ ही गणना चरण की प्रक्रिया, तय समय-सारिणी, बी.एल.ओ. और बी.एल.ए.-2 की भूमिका, एएसडीडी सहित विभिन्न सत्यापन प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान आयोग की ओर से उपलब्ध कराए गए पोस्टर और लीफलेट का बेहतर उपयोग करने, पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने, त्रुटियों को दूर करने तथा मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया गया। समीर रेनियर खलखो ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने-अपने बी.एल.ए.-2 के माध्यम से बूथ स्तर पर बी.एल.ओ. के साथ समन्वय बनाते हुए घर-घर गणना और सत्यापन कार्य में सक्रिय सहयोग करें, ताकि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
वहीं 29-बगोदर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में सरिया कॉलेज, सरिया में मतदान केंद्रवार प्रतिनियुक्त स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 की पूरी प्रक्रिया, स्वयंसेवकों की भूमिका, मतदाता सत्यापन, प्रपत्रों के संधारण तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण का उद्देश्य गणना और सत्यापन कार्य को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी ढंग से पूरा करना है। बैठक और प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के सफल संचालन में पूरा सहयोग देने का भरोसा जताया और इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अपने सुझाव भी साझा किए।