स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत ‘एक घंटा श्रमदान’ कार्यक्रम का आयोजन
डीजे न्यूज, धनबाद: राष्ट्रव्यापी ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को जिले में ‘एक घंटा श्रमदान’ कार्यक्रम का बड़े स्तर पर आयोजन किया गया। इस महा-सफाई अभियान में सांसद ढुलू महतो, नगर आयुक्त आशिष गंगवार, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न पंचायतों के मुखियाओं तथा स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने आम नागरिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर श्रमदान किया। अभियान के तहत शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख मंदिरों, नदी व तालाब के घाटों, श्मशान घाटों तथा अन्य सार्वजनिक परिसरों की साफ-सफाई की गई। एकत्र किए गए कचरे का नगर निगम एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा त्वरित निस्तारण भी सुनिश्चित किया गया।
इस अवसर पर नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह एक सतत जीवनशैली और सामाजिक संस्कार है। जब तक प्रत्येक नागरिक अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक नहीं होगा, तब तक स्वच्छ भारत का संकल्प पूरा नहीं हो सकता।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी को मजबूत करना और समाज में स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। अभियान के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपने मोहल्ले, गांव और शहर को स्वच्छ एवं प्लास्टिक-मुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया।