शत प्रतिशत आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषाहार का वितरण करे सुनिश्चित : देवघर उपायुक्त

शत प्रतिशत आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषाहार का वितरण करे सुनिश्चित : देवघर उपायुक्त

जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र अवकाश के दिनों को छोड़ कर शतप्रतिशत खुले अन्यथा होगी कार्रवाई : सौरभ कुमार

आंगनबाड़ी केंद्रों के रिक्त पदों पर सेविका और सहिया के नियुक्ति से जुड़ी प्रक्रिया को जल्द से जल्द करे पूर्ण

डीजे न्यूज, देवघर : उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में समाज कल्याण विभाग द्वारा किये जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने समाज कल्याण विभाग द्वारा किये जा रहे विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए पोषण ट्रैकर के माध्यम से जिला, प्रखण्ड व पंचायत स्तर पर की जा रही गतिविधियों एवं अपलोड किये जा रहे आंकड़ों की समीक्षा करते हुए सभी आंकड़ों का समय-समय पर क्रॉस वेरिफिकेशन कराने का निदेश संबंधित अधिकारी को दिया।

इसके अलावा उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने जिले में सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों की स्थिति के अलावा पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, शौचालय की स्थिति के अलावा सावित्री बाई फूले किशोरी समृद्धि योजना, पोषाहार वितरण, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व योजना, टीएचआर वितरण, एमटीसी सेंटर के संचालन, बच्चों व महिलाओं को टीकाकरण तहत किये जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी के साथ-साथ सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं महिला पर्यवेक्षकों को कड़े शब्दों में निदेशित किया कि जमीनी स्तर पर कार्य करते हुए शत प्रतिशत कार्यों का पालन सुनिश्चित करें। साथ ही उपायुक्त ने जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों को ससमय खोलने एवं सेविका, सहिया द्वारा किये जा रहे कार्यों का निरीक्षण व क्षेत्र भ्रमण सुनिश्चित करने को कहा है। आगे समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त ने समाज कल्याण से संचालित विभिन्न योजनाओं के शिथिलता पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को बेहतर कार्यशैली के साथ जमीनी स्तर पर कार्य करने का निदेश दिया, ताकि महिलाओं एवं बच्चों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिल सके। साथ ही समाज कल्याण द्वारा जिला, प्रखण्ड व पंचायत स्तर पर किये जाने वाले कार्यों पर रोष प्रकट करते उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त बेहतर प्रदर्शन न करने वाले अधिकारियों व कर्मियों का वेतन काटने और शो-कोज करने का निर्देश दिया। साथ ही रिक्त पदों पर सेविका और सहिया के नियुक्ति से जुड़ी प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कुमारी रंजना, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, सभी महिला पर्यवेक्षक एवं संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मी आदि उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top