सुलतानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या से शाेक में डूबा बीआईटी सिंदरी
बीआईटी सिंदरी के 2007–2011 बैच के छात्र थे कृष्ण भूषण प्रसाद, हत्या की जांच और हत्यारों को कड़ी सजा देने की मांग
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : बीआईटी सिंदरी के एक और होनहार पूर्व छात्र के असामयिक निधन से संस्थान परिवार स्तब्ध है। भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद में कार्यरत कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण प्रसाद की अपराधियों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से बीआईटी सिंदरी के शिक्षकों, छात्रों और पूर्व छात्रों में गहरा शोक व्याप्त है।
स्वर्गीय कृष्ण भूषण प्रसाद वर्ष 2007–2011 बैच के छात्र थे। उन्होंने संस्थान के धातुकर्म विभाग से बीटेक की डिग्री प्राप्त की थी। अपने छात्र जीवन में वे एक मेधावी, सरल और मिलनसार व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे। उनकी नृशंस हत्या की खबर ने सहपाठियों और शिक्षकों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पूर्व छात्रों और संस्थान परिवार ने जताया शोक
घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए पूर्व छात्र नीलेश सिन्हा ने इसे अत्यंत चौंकाने वाली और दुखद घटना बताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय चैप्टर को पीड़ित परिवार की हरसंभव सहायता के लिए आगे आना चाहिए। सतीश श्रीवास्तव, ओपी झा, ओम प्रकाश और विजय प्रधान सहित कई पूर्व छात्रों ने भी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
संस्थान के निदेशक डॉ. पंकज राय ने इसे अपूरणीय क्षति बताया। शोक व्यक्त करने वालों में प्रो. घनश्याम, प्रो. आर.के. वर्मा, डॉ. राजीव रंजन, प्रो. डी.के. तांती, प्रो. प्रकाश कुमार, डॉ. जे.एन. महतो, प्रो. राकेश, डॉ. ए.के. रजक, डॉ. बी.एन. राय, डॉ. बी.डी. यादव, डॉ. एस. हेम्ब्राम, डॉ. इज़हार हुसैन, डॉ. धनेश्वर महतो, डॉ. आर. मुर्मु, डॉ. ए.पी. सिन्हा, डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. अमर कुमार, प्रो. एन.पी. चौधरी, डॉ. एम.के. मिश्र, डॉ. राजन कुमार सहित संस्थान के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी शामिल हैं।
सभी ने एक स्वर में बिहार सरकार से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।