मौसम ने बदला मिज़ाज, आंधी-पानी से राहत के साथ नुकसान भी
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): बुधवार शाम अचानक मौसम ने करवट ले ली। दोपहर से ही आसमान में बादल छाए हुए थे और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान थे। शाम होते-होते तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई, जिससे एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर कई जगह नुकसान की खबरें सामने आई हैं।
तेज आंधी के कारण छोटे-छोटे झोपड़ीनुमा दुकानें और ठेला लगाने वाले दुकानदारों को काफी नुकसान हुआ। कई अस्थायी दुकानों के टेंट उड़ गए और सामान भी बिखर गया। सड़क किनारे लगे ठेले पलटने की भी सूचना है।
आंधी और बारिश के चलते राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर पेड़ की टहनियां टूटकर सड़क पर गिर गईं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। तेज हवाओं के कारण वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोपहर से ही मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे थे, लेकिन शाम होते-होते अचानक आई आंधी-तूफान ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया।
फिलहाल मौसम सामान्य होने लगा है।