सर्वश्रेष्ठ पोषण वाटिका विकसित करने वाले केंद्रों को मिलेगा पुरस्कार
टुंडी की किरण कुमारी समेत आठ उत्कृष्ट महिला पर्यवेक्षिका को टैबलेट देकर किया गया सम्मानित
उपायुक्त की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा बैठक आयोजित
डीजे न्यूज, धनबाद : उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप सहित जिले के सभी प्रखंडों की महिला पर्यवेक्षिका उपस्थित रहीं।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की तथा लंबित आवेदनों, एनपीसीआई, पोषण ट्रैकर, पोषण वाटिका एवं हॉट कुक्ड मील सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि लंबित आवेदनों एवं तकनीकी समस्याओं का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें ताकि लाभुकों को समय पर योजना का लाभ मिल सके। समीक्षा के क्रम में कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर उप विकास आयुक्त ने संबंधित महिला पर्यवेक्षिका को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्य संस्कृति में सुधार लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लंबित मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिया। बैठक में पोषण वाटिका के विकास पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका को शीघ्र विकसित करने का निर्देश देते हुए कहा कि जिले की सर्वश्रेष्ठ पोषण वाटिकाओं को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले केंद्र को ₹10,000, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले केंद्र को ₹8,000 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले केंद्र को ₹6,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही उत्कृष्ट पोषण वाटिका वाले केंद्रों को आगे चलकर मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। बैठक के दौरान विभिन्न प्रखंडों की महिला पर्यवेक्षिका ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से भी अवगत कराया। कई आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल, खिड़की, दरवाजा, बिजली सहित आधारभूत सुविधाओं की कमी की जानकारी दी गई। उपायुक्त ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि भू-धंसान प्रभावित क्षेत्रों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की सूची तैयार कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर शीघ्र स्थानांतरित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले की 8 चयनित महिला पर्यवेक्षिका को उपायुक्त द्वारा टैबलेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में बाघमारा की लक्ष्मी कुमारी, बलियापुर की कीर्ति पुष्प, धनबाद की कामिनी कुमारी, गोविंदपुर की प्रेरणा बर्णवाल, झरिया की शकुंतला कुमारी, निरसा की कुमारी शिखा, तोपचांची की रानी सीमा तथा टुंडी की किरण कुमारी शामिल हैं। उपायुक्त ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है।