सरकारी जमीन पर पेड़ों की कटाई से मचा हड़कंप, प्रशासन ने जब्त की लकड़ी
डीजे न्यूज, बिरनी (गिरिडीह) : बिरनी प्रखंड के जुरपा गांव में सरकारी खास गैरमजरूआ जमीन पर लगे करीब 30 वर्ष पुराने अकेशिया के पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर गुरुवार को अंचलाधिकारी संदीप मधेसिया, थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज सहित प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और काटे गए पेड़ों की लकड़ी जब्त कर ली। जब्त लकड़ी को थाने ले जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
बताया जाता है कि करीब तीन दशक पूर्व डीवीसी की ओर से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से सैकड़ों एकड़ सरकारी खास गैरमजरूआ जमीन पर अकेशिया के पौधे लगाए गए थे। समय के साथ ये पेड़ बड़े होकर जंगल का रूप ले चुके हैं। आरोप है कि अब कुछ असामाजिक तत्वों और भूमाफियाओं की नजर इस जमीन पर है। ग्रामीणों के अनुसार, जमीन पर कब्जा करने की नीयत से पहले जंगल में आग लगाई गई और बाद में हरे-भरे पेड़ों की छाल चारों तरफ से उखाड़ दी गई, ताकि पेड़ सूख जाएं और उन्हें काटने का रास्ता साफ हो सके।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से रात के अंधेरे में पेड़ों की कटाई की जा रही है। दिन में भी कुछ लोगों को लकड़ी काटकर ले जाते देखा गया है। विरोध करने पर ग्रामीणों को धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है। इस घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
मौके पर पहुंचे प्रमुख रामु बैठा ने पेड़ों की लगातार हो रही कटाई पर चिंता जताते हुए प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने और दोषियों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
अंचलाधिकारी संदीप मधेसिया ने बताया कि जमीन की प्रकृति और स्थिति की जांच की जा रही है। हालांकि, सरकारी जमीन पर लगे पेड़ों की अवैध कटाई की सूचना मिलने पर घटनास्थल पहुंचकर काटी गई लकड़ी जब्त की गई है। मामले की जांच जारी है और अज्ञात दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी कीमत पर अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।
वहीं, थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज ने बताया कि जब्त लकड़ी थाने लाई जा रही है। अंचलाधिकारी के आवेदन के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी।
**मौके पर** अंचलाधिकारी संदीप मधेसिया, हल्का कर्मचारी रितेश सिन्हा, प्रमुख रामु बैठा, थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज और एएसआई शम्भू सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।