सोनारडीह में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ अभियान
10 टन कोयला और 12 बाइक जब्त
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ बीसीसीएल और सीआइएसएफ ने मंगलवार को अभियान चलाया। इस दौरान सोनारडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत कोरीडीह बस्ती के समीप जमा किया हुआ करीब 10 टन कोयला बरामद किया। टीम ने मौके से 12 बाइक भी जब्त किया है। टीम ने जब्त कोयला और बाइक पुलिस को सौंप दिया है। बताया जाता है कि ब्लाक चार कोल डंप से चोरी कर कोयला इकट्ठा किया जाता है और फिर मोटरसाइकिल के माध्यम से विभिन्न अवैध डिपो तक पहुंचाया जाता है। छापामारी दल में बीसीसीएल एरिया 3 के नोडल ऑफिसर (सिक्योरिटी) शशि रंजन, प्रोजेक्ट ऑफिसर एसके शरण, सोनारडीह ओपी पुलिस तथा सीआईएसफ के अधिकारी और बड़ी संख्या में जवान शामिल थे।
प्रोजेक्ट ऑफिसर एसके शरण ने बताया कि कोल डंप से लगातार हो रही कोयला चोरी के कारण स्टॉक मिलान में भारी परेशानी हो रही थी। वहीं नोडल ऑफिसर (सुरक्षा) शशि रंजन ने कहा कि बाइक के जरिए बड़े पैमाने पर कोयला चोरी की सूचना मिलने के बाद विशेष अभियान चलाया गया।
स्थानीय ग्रामीण डंपिंग स्थल से कोयला लाकर जमा करते थे और उसे मोटर साइकिल वाले को बेच देते थे। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। हालांकि ग्रामीणों ने दबे स्वर में यह भी कहा कि कार्रवाई अक्सर गरीब लोगों पर ही होती है, जो रोजगार के अभाव में मजबूर होकर कोयला चुनने और ढोने का काम करते हैं, जबकि कई स्थानों पर बड़े पैमाने पर चल रहे अवैध डिपो और अवैध माइंस संचालकों पर कोई बड़ी कार्रवाई नहीं होती।