स्कूल से निकला छात्र, तालाब में डूबने से गई जान; परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाकर किया हंगामा

स्कूल से निकला छात्र, तालाब में डूबने से गई जान; परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाकर किया हंगामा

डीजे न्यूज, गिरिडीह : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अंबाटांड़ तालाब में नहाने के दौरान दूसरी कक्षा के आठ वर्षीय छात्र की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने विद्यालय पहुंचकर बच्चों की निगरानी में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

मृतक की पहचान झगरी निवासी कलीम अंसारी के पुत्र फरहान अंसारी (8) के रूप में हुई है। वह झगरी उत्क्रमित विद्यालय में दूसरी कक्षा का छात्र था।

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह फरहान रोज की तरह स्कूल पहुंचा था। आरोप है कि वह कक्षा में अपना बैग रखकर दो अन्य बच्चों के साथ अंबाटांड़ तालाब में नहाने चला गया। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। आसपास के लोगों ने उसे बाहर निकालकर तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिजनों ने विद्यालय प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि समय पर प्रार्थना सभा और उपस्थिति दर्ज नहीं होने के कारण बच्चों पर निगरानी नहीं रखी जा सकी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।

इधर विद्यालय की शिक्षिका फरीदा खातून ने बताया कि घटना के समय वह विद्यालय में अकेली शिक्षिका थीं, जबकि अन्य शिक्षक अवकाश पर थे। उनके अनुसार छात्र बिना किसी सूचना के विद्यालय से बाहर निकल गया था।

घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top