सिंदरी में होगा भाजपा का प्रदेश स्तरीय आयोजन तैयारियों को लेकर झरिया में अहम बैठक

सिंदरी में होगा भाजपा का प्रदेश स्तरीय आयोजन

तैयारियों को लेकर झरिया में अहम बैठक

डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): भाजपा तथा जश्रसं के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को बिहार बिल्डिंग कार्यालय में बैठक हुई।
महान शिक्षाविद्, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर सिंदरी में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा हुई। झरिया विधायक रागिनी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम की रूपरेखा, आमजनों की अधिकतम भागीदारी, केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने, विधानसभा स्तर पर चल रहे एसआइआर अभियान तथा संगठनात्मक दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान बताया गया कि कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर सभा को संबोधित करेंगे।

बैठक को संबोधित करते हुए झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सफल 12 वर्ष पूरे किए हैं। इन वर्षों में देश ने विकास, आत्मनिर्भरता, बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। हमें इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ‘राष्ट्र प्रथम’ के विचारों को भी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।”

उन्होंने एसआइआर अभियान को लेकर भी कार्यकर्ताओं को जागरूक करते हुए कहा, “हर नागरिक अपनी संबंधित जानकारी एवं दस्तावेज सही और पूर्ण रूप से उपलब्ध कराए। भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति का विवरण सही रूप से दर्ज हो और अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो।”

बैठक में सिंदरी के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम को भव्य, ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी, जनता श्रमिक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top