शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची ही सशक्त लोकतंत्र का आधार : एसडीओ धीरेंद्र कुमार*

*शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची ही सशक्त लोकतंत्र का आधार : एसडीओ धीरेंद्र कुमार*

डीजे न्यूज, गिरिडीह : भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत *32-गिरिडीह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र* के शहरी क्षेत्र अंतर्गत स्थापित कुल 185 मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों के माध्यम से गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य को तीव्र गति से संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, गिरिडीह धीरेंद्र कुमार ने विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर विशेष शिविरों की व्यवस्थाओं एवं SIR-2026 के तहत संचालित गतिविधियों का जायजा लिया।* उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण तथा डिजिटाइजेशन कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित बीएलओ एवं पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि “प्रत्येक पात्र मतदाता तक अभियान की पहुंच सुनिश्चित की जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं दक्षता के साथ संपन्न कराए जाएं।”*

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर उपस्थित मतदाताओं से संवाद कर गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया की जानकारी ली तथा उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि *”मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा प्रत्येक व्यक्ति को सहज एवं सुगम तरीके से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।”*

उन्होंने कहा कि *”निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित यह अभियान मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस कार्य में सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं बीएलओ को पूरी गंभीरता, जवाबदेही एवं समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।”*

अनुमंडल पदाधिकारी* ने 32-गिरिडीह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि *”वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष शिविर में अवश्य पहुंचें, गणना प्रपत्र प्राप्त कर उसे सही एवं पूर्ण रूप से भरें तथा निर्धारित अवधि के भीतर जमा करें।”*

उन्होंने कहा कि *”शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची ही सशक्त लोकतंत्र का आधार है और इसे तैयार करने में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।”* उन्होंने सभी मतदाताओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने एवं निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहयोग देने का आग्रह किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top