श्रद्धा और भक्ति के साथ मना श्री सिद्ध साईं धाम मंदिर का 14वां स्थापना दिवस
डीजे न्यूज तिसरा,धनबाद : झरिया चार नंबर स्थित श्री सिद्ध साईं धाम मंदिर का 14वां स्थापना दिवस शनिवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों और भक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के तहत भव्य निशान शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें साईं बाबा को आकर्षक पालकी में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे रास्ते जयकारों और भजनों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
सुबह में कांकड़ आरती की गई, वहीं श्रद्धालुओं के बीच भंडारे का आयोजन भी किया गया। पूजा-अर्चना में यजमान के रूप में राधेश्याम गोस्वामी शामिल हुए। संध्या आरती के बाद भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालु देर शाम तक भक्ति रस में डूबे रहे।
मौके पर तरुण दास, सरजीत सिंह, सोनू पार्थ, योगेंद्र यादव, नरेश प्रसाद, बिरजू प्रसाद, मनीष वर्मा, दिलीप भारती, झून्नू गुप्ता समेत कई श्रद्धालु उपस्थित थे।