भीषण गर्मी में बिजली संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, आउटसोर्सिंग और कोयला ट्रांसपोर्टिंग ठप

Advertisements

भीषण गर्मी में बिजली संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, आउटसोर्सिंग और कोयला ट्रांसपोर्टिंग ठप

डीजे न्यूज तिसरा,धनबाद : लोदना क्षेत्र के बनियाहीर, भागा दो नंबर, कोल बोर्ड कॉलोनी, डीएवी कॉलोनी, हुसैन नगर, पिरकुबांध समेत एक दर्जन से अधिक मुहल्लों में लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से आक्रोशित लोगों ने शनिवार को एकीकृत जयरामपुर कोलियरी में संचालित सुषी के अंतर्गत पेटी कॉन्ट्रेक्टर देवप्रभा आउटसोर्सिंग का काम ठप करा दिया।

आक्रोशित लोगों ने लोदना सीआईएसएफ चेक पोस्ट के समीप जमकर नारेबाजी की और आउटसोर्सिंग परियोजना की ओबी ढुलाई के साथ जयरामपुर कांटा घर से दुग्धा व एमपीएल के लिए होने वाली कोयला ट्रांसपोर्टिंग भी रोक दी।

ट्रांसपोर्टिंग बाधित होने की सूचना मिलते ही लोदना प्रबंधन हरकत में आया। जयरामपुर पीओ अनील कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग तत्काल समाधान की मांग पर अड़े रहे। करीब दो घंटे तक कोयला ट्रांसपोर्टिंग पूरी तरह बाधित रही।

बाद में जीएम कार्यालय में बनियाहीर, भागा दो नंबर सहित अन्य क्षेत्रों के लोगों के साथ महाप्रबंधक अनिल कुमार सिन्हा की वार्ता हुई। लोगों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति चरमराई हुई है, जिससे करीब 20 हजार की आबादी भीषण गर्मी में परेशान है। बिजली बाधित रहने से पिट वाटर और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। लोदना कोलियरी पावर हाउस में शिकायत करने पर अधिकारी डीजी और डीवीसी की समस्या बताकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेते हैं। छोटी-छोटी तकनीकी समस्याओं पर भी मैन पावर की कमी और ओवरलोड का हवाला देकर घंटों बिजली काट दी जाती है।

महाप्रबंधक अनिल कुमार सिन्हा ने तत्काल लोदना पावर हाउस के अधिकारियों से बात कर समस्या के समाधान का निर्देश दिया, जिसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। करीब तीन घंटे बाद ओबी ढुलाई और कोयला ट्रांसपोर्टिंग दोबारा शुरू हो सकी।

वार्ता में पार्षद मुन्नीलाल रविदास, सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र प्रसाद, डिसू रवानी, धर्मबीर पासवान, साबिर अंसारी, निहाल, बंटी अंसारी, कुंदन पासवान और बसीर अंसारी सहित कई स्थानीय लोग मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top