शराब के खिलाफ हरलाडीह में आदिवासियों ने बुलंद की आवाज 

Advertisements

शराब के खिलाफ हरलाडीह में आदिवासियों ने बुलंद की आवाज 

कहा-बिगड़ रहा सामाजिक तानाबाना, प्रशासन रोके नहीं तो उग्र आंदोलन 

डीजे न्यूज, पीरटांड़(गिरिडीह) : पीरटांड़ के हरलाडीह में शनिवार को भारत दिशोम आदिवासी संघ की बैठक हुई। इस बैठक में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग उपस्थित हुए। बैठक में महुआ शराब के अवैध कारोबार को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने गांव में लंबे समय से महुआ शराब बनाने और बेचने को लेकर विरोध किया। इससे सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है। युवाओं पर इसका बुरा असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि शराब के कारण आए दिन विवाद और झगड़े की स्थिति उत्पन्न हो रही है। महिलाओं और बुजुर्गों ने भी इस पर चिंता जताते हुए कहा कि गांव का माहौल खराब हो रहा है। परिवारों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। इस दौरान नोनी हंसदा, सरिता देवी, फुलमनी देवी, पार्वती देवी, बड़की देवी, प्रतिमा देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने मिलकर इस मुद्दे को उठाया। ग्रामीणों ने पंचायत जन प्रतिनिधियों और प्रशासन से इस अवैध कारोबार पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे मजबूर होकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। लोगों ने प्रशासन से सख्त कदम उठाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की अपील की है, ताकि गांव में शांति और सुरक्षित वातावरण बहाल हो सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top