सभी सुविधाओं से लैस होगा दो सौ प्राइमरी स्कूल
डीजे न्यूज, धनबाद: जिले के लगभग 200 प्राइमरी स्कूल पानी, बाउंड्री वॉल, शौचालय, पार्किंग, डाइनिंग शेड, प्रिंसिपल रूम सहित अन्य सभी सुविधाओं से शीघ्र परिपूर्ण होंगे।
इसको लेकर उपायुक्त आदित्य रंजन ने मंगलवार देर शाम बैठक की।
उपायुक्त ने कहा कि “लो कॉस्ट – नो कॉस्ट” एवं “प्रोजेक्ट इंपैक्ट” के तहत लगभग 200 प्राइमरी स्कूल ने अच्छा प्रदर्शन किया है। इन स्कूलों को सभी सुविधाओं से लैस किया जाएगा।
इसमें पानी, बाउंड्री वॉल, शौचालय, पार्किंग, डाइनिंग शेड, प्रिंसिपल के लिए अलग रूम, असेंबली स्टेज, किचन, डाइनिंग शेड, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, विभिन्न कार्यक्रम के लिए शेड युक्त स्टेज सहित अन्य सुविधाएं दी जाएगी। उपायुक्त ने शौचालय एवं किचन में पाइप लाइन से स्थायी व स्वतंत्र पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि स्कूल में डाइनिंग शेड बन जाने से बच्चे आराम से बैठकर मिड डे मील ग्रहण कर सकेंगे। डाइनिंग शेड के पास हाथ धोने के लिए भी वाश बेसिन लगाया जाएगा।
उन्होंने स्कूल में जर्जर अवस्था की हर संरचना की मरम्मत कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर नए क्लास रूम का निर्माण करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि जिले में लगभग 500 नए तालाब बनाने का लक्ष्य है। तालाब की मिट्टी स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र या स्वास्थ्य केंद्र में डालकर उक्त स्थल को समतल किया जाएगा।
बैठक में उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र निर्माण में तेजी लाने एवं सरकारी काम में बाधा डालने वालों की शिकायत संबंधित थाना में करने का निर्देश दिया।
बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, डीएमएफटी टीम लीडर शैलेश तिवारी, भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता चंदन कुमार के अलावा स्पेशल डिविजन, डीएमएफटी पीएमयू एवं कनीय अभियंता उपस्थित थे।