सारठ में मिठाई दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, बेसन के लड्डू में मिला अखाद्य रंग

सारठ में मिठाई दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, बेसन के लड्डू में मिला अखाद्य रंग

वर्मा मिष्ठान भंडार में लड्डू नष्ट, लाइसेंस और स्वच्छता में खामियों पर कई प्रतिष्ठानों को नोटिस

डीजे न्यूज, देवघर : जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आम लोगों के स्वास्थ्य को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्ती तेज कर दी है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को सारठ क्षेत्र में मिठाई दुकानों, होटलों और खाद्य निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान वर्मा मिष्ठान भंडार में बेसन के लड्डू में अखाद्य रंग की मौजूदगी पाई गई। खाद्य कारोबार संचालक की सहमति से संबंधित लड्डुओं को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

निरीक्षण अभियान के दौरान बैद्यनाथ लाइन होटल, मां तारा स्वीट्स, रुज स्वीट्स, वर्मा मिष्ठान भंडार, मां तारा केक एंड स्वीट्स और मां दुर्गा मुरी सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की पड़ताल की। जांच के क्रम में स्टार्च की उपस्थिति सहित अन्य बिंदुओं पर भी निष्कर्ष दर्ज किए गए।

**लाइसेंस और स्वच्छता में मिली खामियां**

जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में खाद्य कारोबार के लिए उचित लाइसेंस नहीं होने के साथ स्वच्छता और अन्य जरूरी मानकों में कमियां पाई गईं। विभाग ने संबंधित संचालकों को आवश्यक सुधार करने का निर्देश देते हुए नोटिस जारी किया। नोटिस में खाद्य लाइसेंस, पानी की जांच रिपोर्ट, कीट नियंत्रण व्यवस्था, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र और खाद्य पदार्थों की लेबलिंग जैसे मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

**नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई**

यह निरीक्षण अभियान डॉ. रमेश कुमार, डीओ-सह-एसीएमओ देवघर, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी शैलेश कुमार यादव और अंजलि विवा मिंज की टीम की उपस्थिति में चलाया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आम जनता के स्वास्थ्य से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top