जन समस्याओं का एक सप्ताह के अंदर करें समाधान : उपायुक्त 

जन समस्याओं का एक सप्ताह के अंदर करें समाधान : उपायुक्त 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने को लेकर गिरिडीह जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। शुक्रवार को उपायुक्त रामनिवास यादव ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार लगाकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया।

जनता दरबार में खाद्य आपूर्ति, कल्याण, जमीन विवाद, शिक्षा, पेंशन, स्वास्थ्य, विद्युत आपूर्ति सहित व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक हित से जुड़े विभिन्न मामले सामने आए। उपायुक्त ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी शिकायतों का नियमानुसार और प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

**जन समाधान पोर्टल पर लंबित मामलों को लेकर सख्ती**

उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की समीक्षा कर उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन समाधान पोर्टल पर कोई भी मामला अनावश्यक रूप से लंबे समय तक लंबित नहीं रहना चाहिए। लंबित मामलों को एक सप्ताह के भीतर निष्पादित करने के लिए सभी विभागों को निर्देशित किया गया।

उन्होंने कहा कि जन शिकायतों के निपटारे में संवेदनशीलता के साथ निर्धारित प्रक्रिया और नियमों का पालन भी जरूरी है, ताकि पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का उचित लाभ मिल सके। प्रशासन का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि शिकायतों के तार्किक और नियमानुकूल समाधान तक प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करना है।

उपायुक्त ने आमजनों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को निर्धारित माध्यमों से प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

मौके पर सहायक समाहर्ता यश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top