शास्त्री नगर में चोरों का आतंक, बंद मकान से जेवरात-नकदी समेत 8 लाख की चोरी

शास्त्री नगर में चोरों का आतंक, बंद मकान से जेवरात-नकदी समेत 8 लाख की चोरी

डीजे न्यूज, गिरिडीह : नगर थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने सीसीएल कर्मी मनोज सिन्हा के घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेत करीब आठ लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मनोज सिन्हा अपने परिवार के साथ टीकोडीह गए हुए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने सबसे पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ा। इसके बाद ग्रिल में ईंट लगाकर घर के अंदर प्रवेश किया और एक-एक कर चार कमरों को खंगाल डाला। घर में रखे कीमती जेवरात, नकदी और अन्य सामान लेकर चोर फरार हो गए।

परिवार के वापस लौटने पर घर में बिखरा सामान देखकर चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद नगर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। वहीं, फिंगरप्रिंट जांच टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top