संयुक्त आतंकवाद-रोधी अभ्यास में आरपीएफ ने हासिल किया तृतीय स्थान
डीजे न्यूज, धनबाद: राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड द्वारा 15 से 27 जून तक 49वें क्लस्टराइज्ड ज्वाइंट काउंटर टेररिज्म एक्सरसाइज का आयोजन किया गया था। इसमें रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नौ प्रतिभागी टीमों के बीच तृतीय स्थान प्राप्त किया है। इस उच्चस्तरीय संयुक्त अभ्यास में विभिन्न केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों एवं राज्य पुलिस बलों की कुल 09 टीमें (152 प्रतिभागी) शामिल हुईं, जिनमें प्रत्येक टीम में 18 प्रशिक्षित कमांडो थे। अभ्यास के दौरान रूम इंटरवेंशन, बस इंटरवेंशन, आईईडी ऑब्जर्वेशन, फिजिकल एंड्यूरेंस तथा फायरिंग सहित विभिन्न सामरिक एवं परिचालन दक्षताओं का परीक्षण किया गया। समयबद्ध एवं प्रभावी प्रदर्शन के आधार पर किए गए मूल्यांकन में रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने उत्कृष्ट कौशल का परिचय देते हुए तृतीय स्थान अर्जित किया। इस सफलता में 10वीं वाहिनी रेलवे सुरक्षा विशेष बल के आरक्षी कुलवीर का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा। यह उपलब्धि रेलवे सुरक्षा बल की बढ़ती आतंकवाद-रोधी क्षमता, उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, परिचालन दक्षता एवं त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का प्रमाण है तथा बल के आधुनिकीकरण और क्षमता निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। इस उल्लेखनीय सफलता पर सहायक समादेष्टा प्रभारी जेम्स पॉल किंडो, सहायक समादेष्टा विजय शंकर सिंह तथा 10वीं वाहिनी रेलवे सुरक्षा विशेष बल के सभी अधिकारियों एवं जवानों ने टीम को बधाई देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।