बलियापुर पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर की कार्रवाई
छह अपराधी गिरफ्तार, गांजा सहित बाइक व अन्य सामान बरामद
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): बलियापुर पुलिस ने रविवार रात दो अलग-अलग जगहों पर छापामारी कर छह अपराधियों को धर दबोचा। पुलिस ने 16 किग्रा गांजा, चोरी के दो मोटरसाइकिल, 8 मोबाइल सेट, सोने के आभूषण बरामद किया है। गिरफ्तार अपराधियों में विकास कुमार (मधेपुरा बिहार), श्याम कांत सिंह (बलियापुर रांगामाटी), सुमित कुमार निषाद, रोहित कुमार, शाहबाज अंसारी एवं रवि बाउरी (कर्माटांड़ व बेलगड़िया कॉलोनी) शामिल है। पुलिस ने दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर सोमवार को सभी आरोपितों को अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
यह है पुलिस की कार्रवाई
बलियापुर -झरिया रोड पर रखीतपुर रेलवे फाटक के पास झरिया की ओर पैदल जा रहे दो युवकों को पुलिस ने पकड़ा। तलाशी के दौरान युवकों के पिठू बैग में आठ आठ पैकेट गांजा बरामद किया गया, जिसकी कुल वजन 16 किलोग्राम बताई जाती है।
इस कार्रवाई में सिंदरी के एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो, थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक हसरत जमाल, अनिल कुमार, मोहम्मद सरताज खान, सुरेश देवगन शामिल थे।
पुलिस की दूसरी कार्रवाई बेलगड़िया कॉलोनी के पास की है। बेलगड़िया टीओपी के सहायक अवर निरीक्षक इरफान अपनी टीम के साथ गश्ती पर थे। कॉलोनी के फेज टू तीन तल्ला पानी टंकी के पीछे झाड़ी के बीच कुछ युवक चोरी के सामानों की बंटवारा कर रहे थे। पुलिस टीम ने छापामारी कर चारों युवकों को पकड़ लिया। उन लोगों के पास से चोरी के दो मोटरसाइकिल, 8 मोबाइल सेट, सोने के आभूषण आदि बरामद किया गया। पूछताछ के क्रम में अपराधियों ने अपना नाम सुमित कुमार निषाद, रोहित कुमार, शाहबाज अंसारी एवं रवि बाउरी बताया।