सांसद ढुलू पहुंचे कतरास के छाताबाद, भू धंसान स्थल का लिया जायजा
प्रभावितों से मिलकर समस्याओं से रूबरू हुए
कोल इंडिया चेयरमैन से की बात, सुरक्षा, राहत और पुनर्वास की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): धनबाद के सांसद ढुलू महतो गुरुवार को कतरास के छाताबाद पहुंचे। सांसद ने यहां दो दिनों से हो रही भू धंसान स्थल का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं एवं चिंताओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने भू-धंसान से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता एवं शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
इस दौरान सांसद ढुलू ने जिला प्रशासन एवं बीसीसीएल प्रबंधन की कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त की। कहा कि कोयलांचल क्षेत्र में लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं के बावजूद समय रहते ठोस एवं स्थायी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इससे आम जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन जीने को मजबूर है।
मौके से ही उन्होंने कोल इंडिया के चेयरमैन, उपायुक्त (डीसी) धनबाद, बीसीसीएल एरिया-3 के महाप्रबंधक (जीएम) तथा कतरास थाना प्रभारी से दूरभाष पर वार्ता कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने, प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा राहत एवं पुनर्वास की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।