सांसद ढुलू के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अभद्र टिप्पणी से भड़के भाजपाई
थाना में दी शिकायत
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर धनबाद सांसद ढुलू महतो के खिलाफ अभद्र टिप्पणी किए जाने से भाजपाइयों में आक्रोश व्याप्त है। बुधवार को पार्टी के कतरास मंडल का प्रतिनिधिमंडल कतरास थानेदार प्रवीण कुमार से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने टिप्पणी करने वालों के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सोशल मीडिया पर इस प्रकार की आपत्तिजनक भाषा एवं पोस्ट से न केवल सामाजिक माहौल खराब होता है बल्कि कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के भावनाओं को ठेस भी पहुंचती है। थाना प्रभारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले की जांच कर न्याय संगत कार्रवाई की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति पर कानून के अनुसार उचित कदम उठाया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष महेश पासवान, मंडल अध्यक्ष सूर्यदेव मिश्रा, प्रभारी कुंदन सिंह, महामंत्री श्याम किशोर कल्लू, विधायक प्रतिनिधि सह उपाध्यक्ष विवेक हजारी, बलवीर सिंह, अमन सिन्हा शामिल थे।