संगठन की मजबूती के साथ पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिला कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक जिलाध्यक्ष सतीश केडिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन सृजन अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी प्रखंड अध्यक्षों एवं जिला पदाधिकारियों से पिछले माह से अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली गई।
बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भी कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मतदाता सूची में त्रुटियों, काटे गए नामों तथा नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ताओं को सक्रियता से काम करने को कहा गया।
आगामी पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठन को बूथ और पंचायत स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर भी चर्चा की। जिलाध्यक्ष सतीश केडिया ने सभी प्रखंड अध्यक्षों एवं पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र की सभी पंचायतों में चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर एक सप्ताह के भीतर जिला कांग्रेस कार्यालय में जमा करें।
सतीश केडिया ने कहा कि कांग्रेस आगामी पंचायत चुनाव को लेकर पूरी तरह गंभीर है। चुनाव पार्टी के चुनाव चिह्न पर हो या बिना चुनाव चिह्न के, संगठन की ओर से पूरी तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को पंचायत स्तर पर चुनावी जिम्मेदारियों के लिए तैयार किया जा रहा है और संगठन को मजबूत बनाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा, मोहम्मद अली खान, देवरी प्रखंड अध्यक्ष मनोज राय, डुमरी अध्यक्ष नागेश्वर मंडल, पीरटांड़ अध्यक्ष धनंजय गोस्वामी, सदर प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद निजामुद्दीन, जमुआ अध्यक्ष निजामुद्दीन अंसारी, गांवा अध्यक्ष रणधीर चौधरी, धनवार अध्यक्ष निरंजन तिवारी, बगोदर अध्यक्ष गुलाम सरवर, बेंगाबाद अध्यक्ष मोतीलाल शास्त्री, गांडेय अध्यक्ष अकबर अंसारी, बिरनी अध्यक्ष इतवारी वर्मा, नगर अध्यक्ष सरफराज अंसारी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहम्मद सोहेल, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष अहमद राजा नूरी समेत अशोक निराला, रतन चौधरी, बिलाल अहमद, हुसैनी शाहनवाज आलम, प्रेमचंद यादव, मोहम्मद एजाज, जुनेद आलम, अनिल कुमार चौधरी, भुनेश्वर मंडल, सोहराब अली अंसारी, दिनेश विश्वकर्मा, ओवैस अहमद, प्रमोद कुमार राय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।