खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ झामुमो का बिरनी में प्रदर्शन, केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी
डीजे न्यूज, बिरनी,गिरिडीह : खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से बिरनी प्रखंड में जन जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रखंड मुख्यालय में बैठक आयोजित कर विधेयक के विरोध में आंदोलन को पंचायत और गांव स्तर तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया। बैठक के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
झामुमो केंद्रीय कमेटी के सदस्य दिलीप मंडल ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया खनिज संशोधन विधेयक संघीय व्यवस्था पर प्रहार है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस विधेयक के माध्यम से राज्यों के अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके खिलाफ झारखंड की जनता को एकजुट होकर आंदोलन करना होगा।
झारखंड युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष कोलेश्वर सोरेन ने कहा कि केंद्र की भाजपानीत सरकार द्वारा झारखंड पर यह कानून थोपने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड के लोग अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहे हैं और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा।
झामुमो जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि खनिज संशोधन विधेयक लागू होने से झारखंड सरकार को हजारों करोड़ रुपये का नुकसान होने की आशंका है। इसका सीधा असर राज्य में संचालित जनहित की योजनाओं पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि विधेयक के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ता लोगों को जागरूक करते हुए आंदोलन को व्यापक रूप देंगे।
झामुमो नेता नारायण पांडेय ने कहा कि केंद्र सरकार के इस विधेयक के खिलाफ पूरे प्रखंड में जोरदार आंदोलन किया जाएगा। वहीं मनोज सिंह ने कहा कि झारखंड के हित में भाजपा के सांसदों और विधायकों को भी इस विधेयक का विरोध करना चाहिए।
बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष मजीद अंसारी ने की, जबकि संचालन प्रखंड सचिव कृष्ण मुरारी प्रसाद सिन्हा और राजू अंसारी ने किया। इस दौरान बिरनी प्रखंड की सभी 28 पंचायतों में गांव-गांव जाकर खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाने और आंदोलन को मजबूत करने का निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम में प्रखंड कोषाध्यक्ष बहादुर कुशवाहा, संतोष पासवान, फागू मांझी, रिजवी अंसारी, प्रमोद सिंह, तैयब अली, नौशाद अंसारी, युगन मंडल, सेवा दास, हैदर अंसारी, मोहन पासवान, गौरव पांडेय, सीताराम पासवान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद थे।