रेजलीबांध सौंदर्यीकरण का काम समय पर होगा पूरा, गुणवत्ता से समझौता नहीं : डीडीसी
नागरिक समिति के प्रतिनिधिमंडल को दिया आशवासन
डीजे न्यूज, गोविंदपुर(धनबाद) : गोविंदपुर के रेजली बांध सौंदर्यीकरण में हो रही देरी को लेकर प्रशासन सख्त है। उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने कहा कि काम समय पर पूरा हो और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो, इसके लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। शनिवार को समाहरणालय धनबाद स्थित अपने कार्यालय में नागरिक समिति के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के दौरान उप विकास आयुक्त राज ने यह बातें कही।
समिति ने मानसून की चिंता जताते हुए कहा कि बारिश शुरू हो चुकी है। ऐसे में निर्माण कार्य ठप पड़ने की आशंका है और निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा होने पर संशय है। समिति के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए डीडीसी ने कहा कि प्रशासन ठेकेदार पर दबाव बनाएगा, ताकि काम तय अवधि में पूरा हो सके। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण कार्य के लिए विभागीय अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। उप विकास आयुक्त ने कहा कि कुछ लोग काम में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं ।प्रतिनिधिमंडल संरक्षक वरीय अधिवक्ता जया कुमार, जयप्रकाश मिश्र, आनंद जायसवाल और अनूप साव ने मांग की कि मानसून से पहले शेष काम तेज़ी से कराया जाए, ताकि सौंदर्यीकरण का लाभ स्थानीय लोगों को जल्द मिल सके। स्मरण रहे कि ऐतिहासिक रेजली बांध के सौंदर्यीकरण से जहां पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं स्थानीय लोगों को इसका भरपूर लाभ मिलेगा।