राष्ट्रीय स्कूली गतका चैंपियनशिप में धनबाद की बेटियों का परचम, झारखंड को दिलाए दो कांस्य पदक
लक्ष्मी कुमारी ने व्यक्तिगत स्पर्धा में जीता कांस्य, टीम स्पर्धा में साधना और लक्ष्मी ने भी बढ़ाया राज्य का मान
डीजे न्यूज, धनबाद: नई दिल्ली के त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय स्कूली गतका चैंपियनशिप (SGFI) में धनबाद की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड को दो कांस्य पदक दिलाए। प्रतियोगिता में धनबाद की लक्ष्मी कुमारी ने व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं, टीम स्पर्धा में भी झारखंड की टीम ने कांस्य पदक हासिल किया।
टीम स्पर्धा में धनबाद की साधना कुमारी और लक्ष्मी कुमारी के साथ पलामू की खुशबू कुमारी तथा हजारीबाग की रिया कुमारी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए राज्य को एक और पदक दिलाया।
लक्ष्मी कुमारी मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, मेमको मोड़ में प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं, जबकि साधना कुमारी धनबाद मार्शल आर्ट सेंटर, शास्त्री नगर, बैंक मोड़ में प्रशिक्षक पप्पू कुमार के मार्गदर्शन में अभ्यास करती हैं।
इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर के शारीरिक शिक्षक सह टीम कोच पप्पू कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने किया। इस आयोजन में गतका, जूडो, शतरंज और रग्बी सहित विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
उन्होंने बताया कि 24 से 28 अक्टूबर तक नई दिल्ली में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता में झारखंड की 16 सदस्यीय बालिका गतका टीम ने हिस्सा लिया। वहीं, राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर के चार खिलाड़ियों ने जूडो एवं गतका प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व किया।
धनबाद की बेटियों की इस शानदार उपलब्धि पर जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा, झारखंड गतका एसोसिएशन के अध्यक्ष केशव कुमार हारोदिया, सचिव विद्या, कोषाध्यक्ष दिनेश मंडल, धनबाद गतका संघ के अध्यक्ष बसंत हेलीवाल एवं सचिव रोहित प्रसाद ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
झारखंड राज्य की खेल नियमावली के अनुसार, पदक जीतने वाली धनबाद की दोनों खिलाड़ियों को 50-50 हजार रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया जाएगा।