सिजुआ स्टेडियम में मनाया गया चिराग पासवान का 44 वां जन्मदिन

सिजुआ स्टेडियम में मनाया गया चिराग पासवान का 44 वां जन्मदिन

डीजे न्यूज, सिजुआ(धनबाद): लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का 44वां जन्मदिन शनिवार को सिजुआ स्टेडियम  में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो उपस्थित थे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में धनबाद महानगर के पूर्व अध्यक्ष रामानंदन पासवान शामिल हुए। अध्यक्षता धनबाद महानगर के पूर्व महासचिव हरेराम पासवान ने की, जबकि मंच संचालन कतरास एरिया तीन के सचिव रामानंदन पासवान ने किया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए।
विधायक शत्रुघ्न महतो ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं राजनीतिक जीवन में निरंतर प्रगति की कामना करते हुए उन्होंने धनबाद जिला लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सभी कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी।
विशिष्ट अतिथि रामानंद पासवान ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान को याद करते हुए कहा कि उनका नारा था, ‘मैं उस घर में दिया जलाने चला हूं, जहां सदियों से अंधेरा है।’ आज रामविलास पासवान हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन वे चिराग पासवान को छोड़कर गए हैं, जो पूरे भारतवर्ष को रोशन कर रहे हैं। उनकी लोकप्रियता देश ही नहीं, विदेशों में भी दिखाई दे रही है।
उन्होंने चिराग पासवान से स्वर्गीय रामविलास पासवान के गरीबों और वंचितों के उत्थान के सपने को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान का सपना था कि गरीब, असहाय, मजदूर, ठेला चालक, रिक्शा चालक और छोटे व्यवसाय करने वाले लोगों के हाथों में भी मोबाइल फोन हो, ताकि वे डिजिटल दुनिया से जुड़ सकें।
उन्होंने मोबाइल रिचार्ज की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताते हुए कहा कि महंगे रिचार्ज के कारण गरीब मजदूरों के लिए मोबाइल चलाना मुश्किल होता जा रहा है। पहले कम कीमत में मोबाइल रिचार्ज हो जाता था, लेकिन अब करीब 300 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। ऐसे में गरीब परिवारों के सामने मोबाइल रिचार्ज कराने और बच्चों के भरण-पोषण के बीच आर्थिक परेशानी खड़ी हो रही है।
उन्होंने चिराग पासवान से इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए लोकसभा में उठाने की मांग की, ताकि देश के गरीब और मजदूर वर्ग को राहत मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष इस मुद्दे पर गंभीरता से पहल करेंगे और स्वर्गीय रामविलास पासवान के सपनों को साकार करने की दिशा में काम करेंगे।
कार्यक्रम में किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शिवनारायण पासवान, मंडल अध्यक्ष दिनेश रवानी, जगदीश पासवान, रामेश्वर भुइयां, आदित्य पासवान, शंकर पासवान, प्रकाश पासवान, धर्मवीर तुरी, रणधीर पासवान, सुखदेव पासवान, अर्जुन भैया, रामप्रवेश पासवान, जयकांत पासवान, कुणाल पासवान, रंजीत पासवान, रवि पासवान, ननकू भैया, सौरव पासवान, आकाश कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top