राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाजहित में कार्य करने का लें संकल्प : शाहाबादी
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा पचंबा मंडल के तत्वावधान में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, गिरिडीह में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गिरिडीह के पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने चित्रकला और भाषण के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में सेवा, संस्कार और राष्ट्रनिर्माण का संदेश दिया गया। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम, संस्कार और सेवा भावना विकसित करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सेवा और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाजहित में कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए। प्रतियोगिता के विजेताओं को शाहाबादी व अन्य नेताओं ने मेडल व सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। मौके पर पचंबा मंडल अध्यक्ष कुंदन सिंह, प्रकाश सेठ, विनय कुमार सिंह, प्रो विनीता कुमारी, संगीता सेठ, संजय सिंह, सिंकू सिन्हा समेत कई भाजपाई थे।