राज्यपाल ने खोरठा गीतकार विनय तिवारी को किया सम्मानित
डीजे न्यूज, धनबाद: भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय, बिरसा मुंडा जन कल्याण योजना प्रचार अभियान दिल्ली एवं महादेव स्मारक खादी ग्राम उद्योग मंडल रांची के सहयोग से हजारीबाग में जनजातीय गौरव उत्सव का आयोजन 17 अगस्त से 24 अगस्त को किया गया। समापन दिन सोमवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने खोरठा साहित्यकार, कवि, फ़िल्म लेखक, निर्देशक एवं गीतकार विनय तिवारी को खोरठा गीत संगीत साहित्य एवं सिनेमा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए अंगवस्त्र, मोमेंटो एवं सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया । राज्यपाल नेँ कहा कि झारखंड में गीत, संगीत एवं सिनेमा के विकास के लिए स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देना जरूरी है। स्थानीय भाषा, कला और कलाकारों को प्राथमिकता देकर झारखंड की कला एवं संस्कृति को वैश्विक मंच तक पहुंचाया जा सकता है।
विनय तिवारी लंबे समय से खोरठा गीत-संगीत, सिनेमा एवं साहित्य के संरक्षण-संवर्द्धन, विकास एवं प्रचार प्रसार में लगे है। विगत तीन दशकों से खोरठा गीत,संगीत,सिनेमा एवं साहित्य को प्रतिष्ठा दिलाने के लिए निरंतर बहुविध संघर्षरत हैं। विभिन्न स्तर के खोरठा सिलेबस में इनकी रचनाओं को पढ़ाया भी जाता है। इनके लिखे गीत एवं कविताओं पर शोध हो चुका है एवं अभी भी जारी है। आकाशवाणी एवं दूरदर्शन पर इनकी वार्ता एवं गीत प्रसारित होते रहते है। विनय तिवारी झारखंड के पहला व्यक्ति है जो विलुप्त प्रायः भाषा बिरहोर एवं खोरठा के संरक्षण – संवर्द्धन के लिए भित्तिचित्र के माध्यम से प्रचार-प्रसार में लगे हुए है ।
उक्त कार्यक्रम में पूर्व सांसद ब्रजमोहन राम, मशहूर एक्टर रमन गुप्ता, डॉ अनिल कुमार राष्ट्रीय अध्यक्ष बिरसा मुंडा जन कल्याण योजना प्रचार अभियान, किशोर सावन प्रदेश अध्यक्ष, राजमनी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे ।