आईआईटी (आईएसएम)  के चेयरमैन को मिला सम्मान

आईआईटी (आईएसएम)  के चेयरमैन को मिला सम्मान

डीजे न्यूज, धनबाद: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (भारतीय खनि विद्यालय), धनबाद के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन प्रो. प्रेम व्रत को शिक्षा, शोध, संस्थान निर्माण और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उनके लंबे और उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें ग्लोबल बोर्ड ऑफ आईआईटी एलुमनी काउंसिल की ओर से मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

यह सम्मान 23 अगस्त को नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर के गुलमोहर हॉल में आयोजित वर्ल्ड विजडम कनेक्ट कार्यक्रम के दौरान दिया गया। जम्मू-कश्मीर के  उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रो. प्रेम व्रत को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। यह सम्मान उनकी आत्मकथा “माई सिक्स्टी इयर्स ऐज़ एन आईआईटियन: एक्सपीरियंसेज़ एंड लेसन्स” में दर्ज उनके जीवन अनुभवों और उल्लेखनीय योगदानों के लिए दिया गया।

सम्मान मिलने पर प्रो. प्रेम व्रत ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लंबे शैक्षणिक और पेशेवर सफर के दौरान मिले अनुभवों, मूल्यों और सीख का सम्मान है।

प्रो. प्रेम व्रत देश के जाने-माने शिक्षाविद, मैनेजमेंट एक्सपर्ट और संस्थान निर्माता हैं। वे वर्तमान में आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के चेयरमैन, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स हैं। इससे पहले वे आईआईटी रुड़की के फाउंडर डायरेक्टर, उत्तर प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ के वाइस चांसलर तथा आईआईटी दिल्ली सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।

आईआईटी खड़गपुर के पूर्व छात्र प्रो. प्रेम व्रत, आईआईटी के पहले ऐसे एलुमनाई रहे हैं जिन्होंने किसी आईआईटी के डायरेक्टर का पद संभाला। पांच दशक से अधिक लंबे अपने करियर में उन्होंने 50 पीएचडी शोधार्थियों का मार्गदर्शन किया और 524 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए हैं।

आईआईटी (आईएसएम) धनबाद परिवार ने इस उपलब्धि पर प्रो. प्रेम व्रत को बधाई देते हुए कहा कि उनका सम्मान संस्थान के लिए भी गर्व का विषय है। प्रो. व्रत का लंबा अनुभव और नेतृत्व आज भी देश में उच्च शिक्षा, शोध और संस्थान निर्माण के क्षेत्र में नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top