राज्य में सुरक्षा व्यवस्था पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन सख्त, दिए कई अहम निर्देश

Advertisements

राज्य में सुरक्षा व्यवस्था पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन सख्त, दिए कई अहम निर्देश

डीजे न्यूज, रांची: वर्तमान राष्ट्रीय परिस्थितियों एवं सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। इस बैठक में राज्य की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

 

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि “राष्ट्र की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य के हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।” उन्होंने अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निर्देश दिया कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से झूठी व भ्रामक जानकारी फैलाने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

प्रमुख निर्देशों में शामिल हैं: राज्य में आमजन में पैनिक की स्थिति न बने, इसके लिए सतर्कता बरती जाए।

 

सिविल डिफेंस वॉलेंटियर्स को सक्रिय किया जाए और आवश्यकता अनुसार इनकी संख्या बढ़ाई जाए।

 

राज्य और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम को पूरी तरह से एक्टिव रखा जाए।

 

अस्पतालों के रूफटॉप पर मेडिकल साइन बोर्ड लगाए जाएं जिससे आपात स्थिति में तत्काल पहचान संभव हो।

 

डैम, पावर प्लांट, UCIL, IOC जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाए।

मॉक ड्रिल की संख्या बढ़ाकर नागरिकों को आपात स्थितियों के लिए तैयार किया जाए।

 

आवश्यक सेवाओं और वस्तुओं की उपलब्धता बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी जाए।

 

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि एमएचए (गृह मंत्रालय) के दिशा-निर्देशों के तहत सिविल डिफेंस रूल्स के अंतर्गत इमरजेंसी प्रोविजंस का उपयोग किया जा सकता है। इसके लिए जरूरत पड़ने पर सामान्य प्रक्रिया (जैसे टेंडर) को दरकिनार कर त्वरित निर्णय लिए जाएं।

इस अहम बैठक में मुख्य सचिव श्रीमती अलका तिवारी, डीजीपी श्री अनुराग गुप्ता, अपर मुख्य सचिव श्री अजय कुमार सिंह सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने अंत में अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी हाल में राज्य में शांति व्यवस्था बनी रहनी चाहिए और इसके लिए सभी आवश्यक कदम बिना विलंब उठाए जाएं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top