राजगंज में दो अलग-अलग जगहों पर सड़क हादसा, बाल-बाल बचा चालक

राजगंज में दो अलग-अलग जगहों पर सड़क हासदा, बाल-बाल बचा चालक

डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर रविवार को डोमनपुर और महेशपुर में दो अलग-अलग घटनाएं हुई।
डोमनपुर के समीप पटना से आसनसोल की ओर कुर्सियां लेकर जा रही एक 407 एलपीटी मालवाहक गाड़ी अचानक सड़क पर आई गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकरा गई। हादसे में चालक राजू पासवान बाल-बाल बच गए, जबकि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को केबिन से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर राजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

वहीं महेशपुर में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दो गायों की मौत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि महेशपुर क्षेत्र में लंबे समय से आवारा पशु हाईवे पर बैठे रहते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इससे पहले भी हाईवे के बीचों-बीच बैठे पशुओं की तस्वीरें सामने आ चुकी हैं।

लगातार हो रहे हादसों के बावजूद एनएचएआई, स्थानीय प्रशासन और पशुपालन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों का कहना है कि जब वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं, लोग घायल हो रहे हैं और बेजुबान पशुओं की भी जान जा रही है, तब संबंधित विभागों की चुप्पी समझ से परे है।

स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि हाईवे से आवारा पशुओं को तत्काल हटाया जाए तथा उनके स्थायी प्रबंधन की व्यवस्था की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में कोई बड़ा और दर्दनाक हादसा हो सकता है। प्रशासन से इस दिशा में शीघ्र ठोस कदम उठाने की अपेक्षा की जा रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top