पुराने महादेव मंदिर के स्वरूप में सजेगा बैंक मोड़ का दुर्गा पूजा पंडाल

पुराने महादेव मंदिर के स्वरूप में सजेगा बैंक मोड़ का दुर्गा पूजा पंडाल

तीन दिनों तक होगा भव्य भंडारा

डीजे न्यूज, धनबाद: बैंक मोड़ स्थित नगर निगम परिसर में आयोजित होने वाला नया बाजार सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति का दुर्गोत्सव इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनेगा। शारदीय नवरात्र के अवसर पर समिति की ओर से भव्य पूजा पंडाल, आकर्षक सजावट और धार्मिक आयोजनों की तैयारी की गई है। इस बार पंडाल का थीम पुराने महादेव मंदिर पर आधारित होगा, जो अपनी पारंपरिक धार्मिक छटा से श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगा।
समिति के सचिव राजेश्वर सिंह यादव ने बताया कि नया बाजार सार्वजनिन दुर्गा पूजा समिति को जिला स्तर पर आयोजित श्रेष्ठ दुर्गा पूजा प्रतियोगिता में सम्मानित किया जा चुका है। समिति को मां दुर्गा की प्रतिमा और सजावट के लिए भी पुरस्कार मिल चुके हैं। पिछले वर्ष पंडाल निर्माण और आकर्षक लाइटिंग के लिए समिति को सम्मानित किया गया था।

सुरक्षा और व्यवस्था पर विशेष ध्यान

राजेश्वर सिंह यादव ने बताया कि पूजा के दौरान प्रशासनिक दिशा-निर्देशों के अनुरूप विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इसके लिए समिति के स्वयंसेवक भी तैनात रहते हैं, ताकि भक्तजन बिना किसी परेशानी के मां दुर्गा के दर्शन कर सकें। पूजा के अवसर पर लगातार तीन दिनों तक भव्य भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।

मेयर और नगर आयुक्त करेंगे उद्घाटन

पूजा पंडाल का उद्घाटन शुक्रवार, षष्ठी तिथि को धनबाद के मेयर संजीव सिंह और नगर आयुक्त आशीष गंगवार दीप प्रज्वलित कर करेंगे। समिति के अध्यक्ष रामकुमार अग्रवाल और सचिव राजेश्वर  सिंह यादव ने समस्त श्रद्धालुओं से पूजा पंडाल में पहुंचकर मां दुर्गा का दर्शन करने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top