पर्यटन स्थलों के विकास और खेल सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस : डीडीसी स्मृता कुमारी 

पर्यटन स्थलों के विकास और खेल सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस : डीडीसी स्मृता कुमारी 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : उप विकास आयुक्त (डीडीसी) स्मृता कुमारी ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में खेल एवं पर्यटन विभाग के तहत संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में योजनाओं की प्रगति, आवंटित राशि के उपयोग, लंबित कार्यों और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए उन्होंने सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

डीडीसी ने कहा कि विभागीय योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए पारदर्शिता, नियमित मॉनिटरिंग और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंच सके।

पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर चल रहे विकास कार्यों, साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और आधारभूत संरचनाओं के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर पर्यटन सुविधाएं विकसित होने से जिले में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर सृजित होंगे।

खेल विभाग की समीक्षा में डीडीसी ने खेल सामग्री का समय पर वितरण सुनिश्चित करने, निर्माणाधीन फुटबॉल स्टेडियमों और अन्य खेल अवसंरचना परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय खेल परिसरों के बेहतर रखरखाव और पे-एंड-प्ले मॉडल को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी बल दिया, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

 

उन्होंने अधिकारियों से पंचायत और प्रखंड स्तर पर नियमित खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने को कहा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिले और उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित मंच उपलब्ध हो।

बैठक के अंत में डीडीसी ने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की नियमित समीक्षा, सतत मॉनिटरिंग और निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला, जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर, एनआरईपी के कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल के सहायक अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top